देहरादून: थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के जोगीवाला स्थित एक मॉल परिसर में एक के साथ सुरक्षा गार्ड द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे लात-घूंसों से पीटता नजर आ रहा है. इस दौरान डिलीवरी बॉय माफी मांगता दिखाई दे रहा है, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ मारपीट जारी रहती है. हालांकि अब तक पीड़ित ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज नहीं कराई है. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पूरी घटना सोमवार देर शाम की है, डिलीवरी बॉय एक मॉल में ऑर्डर लेने पहुंचा था. आरोप है कि वह निर्धारित रास्ते के बजाय दूसरे रास्ते से जा रहा था, जिस पर सुरक्षा गार्डों ने उसे रोक लिया. इसी दौरान विवाद हुआ और एक गार्ड ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. वीडियो में एक व्यक्ति गार्ड को रोकने की कोशिश करता भी दिखाई दे रहा है, लेकिन गार्ड उसकी बात नहीं मानता. साथ ही डिलीवरी बॉय से सुरक्षा गार्ड की बहस हो जाती है.
वायरल वीडियो में मारपीट करने वाला गार्ड खुद को पूर्व सैनिक बता रहा है और डिलीवरी बॉय को अपशब्द कहता सुनाई दे रहा है. मारपीट के बाद डिलीवरी बॉय बाइक पर बैठकर गार्ड से माफी मांगता है और वहां से चला जाता है. फिलहाल मामले में पुलिस के पास किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पीड़ित डिलीवरी बॉय की पहचान और घटना के संबंध में अन्य जानकारी भी सामने नहीं आई है. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी देवेंद्र चौहान ने बताया है कि अब तक पीड़ित पक्ष की तरफ से शिकायत नहीं आई है, शिकायत आने के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी. आरोप लगाया जा रहा है कि डिलीवरी बॉय निर्धारित रास्ते के बजाय किसी दूसरे प्रतिबंधित रास्ते से अंदर जाने की कोशिश कर रहा था. लेकिन यह जांच का विषय है कि मारपीट किस कारण से हुई.