पहले मिला था रिजेक्शन, अब ‘हनुमान अंश’ की डील के लिए लाइन में कई OTT प्लेटफॉर्म, प्रोड्यूसर का खुलासा

हैदराबाद: नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है. महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म भारत में 200 करोड़ रुपये की कमाई का चौंकाने वाला आंकड़ा पार कर चुकी है. हाल ही में फिल्म ओवरसीज में भी रिलीज हुई. हनुमान अंश ने देश से बाहर 5 करोड़ रुपये से खाता खोला था. अभी भी हनुमान अंश बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है. हनुमान अंश की वजह से हालिया रिलीज मिर्जापुर: द मूवी और हैवान की कमाई पर भी बुरा असर पड़ रहा है. ऐसे में हनुमान अंश मौजूदा साल की तीसरी सबसे कमाऊ फिल्म बन गई है. धुरंधर 2 और बॉर्डर 2 ही कमाई में हनुमान अंश से आगे हैं. हाल ही में फिल्म के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने खुलासा किया था कि एक ओटीटी प्लेटफॉर्म ने इस फिल्म को अपशब्द कहकर ठुकरा दिया था. अब फिल्म की निर्माता ने बताया है कि इस फिल्म को खरीदने के लिए ओटीटी प्लेटफॉर्म की लाइन लगी हुई है.

हनुमान अंश के लिए लगी OTT प्लेटफॉर्म की लाइन

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो, हनुमान अंश की प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने एक इंटरव्यू में बताया है कि कई ओटीटी प्लेटफॉर्म उनकी फिल्म को खरीदने के लिए लाइन में हैं. रिपोर्ट्स की मानें तो निर्माता ने कहा, ‘हां ऐसा हो रहा है. दो से तीन प्लेटफॉर्म हमारी फिल्म को खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. इससे पता चलता है कि हमारी फिल्म दर्शकों के बीच अच्छा कर रही है’. निर्माता ने खुलासा किया, ‘हनुमान अंश को हमने सिल्वर स्क्रीन के लिए बनाया था और ओटीटी पर रिलीज करने के बारे में नहीं सोचा था’.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *