रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में एक शादी समारोह के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब दूल्हा और दुल्हन पक्ष में जमकर मारपीट हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद दोनों पक्षों में हुई वार्ता के बाद बारात बिना निकाह के बैरंग लौट गई. इसके बाद दुल्हन पक्ष की ओर से दूसरी जगह से दूल्हा बुलाने की तैयारी की गई, लेकिन दूल्हा नहीं आया.
क्या है पूरा मामला? जानकारी के मुताबिक, पिरान कलियर थाना क्षेत्र के मेहवड़ कलां गांव से एक बारात 21 जुलाई यानी मंगलवार के दिन रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के ग्रीन पार्क कॉलोनी स्थित ताज पैलेस में पहुंची थी. आरोप है कि बारात में शामिल कुछ युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने समारोह में मौजूद महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर दी. इस घटना के बाद दुल्हन पक्ष नाराज हो गया. जिसके बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच विवाद शुरू हो गया.
देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी. जिससे शादी की रस्में बीच में ही रुक गईं. इसी बीच किसी व्यक्ति ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी. सूचना मिलते पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच लंबी बातचीत हुई. आखिरकार इस बातचीत में सहमति बनी कि बारात बिना निकाह के वापस लौटेगी. साथ ही शादी समारोह में हुए खर्चे के भुगतान और कुछ दिन पहले दहेज में दिए गए सामान को वापस करने पर भी दोनों पक्ष राजी हो गए.
यूपी से दूसरा दूल्हा बुलाने की तैयारी: हालांकि, कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. समझौते के बाद ऐसा फैसला लिया गया जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया. जानकारी मिली है कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बिलासपुर गांव से दूसरे दूल्हे को विवाह स्थल पर बुलाने की तैयारी है. जिससे कि शादी के जोड़े में तैयार बैठी दुल्हन का निकाह उसके साथ कराया जा सके.
मारपीट मामले में आया नया मोड़: वहीं, दूल्हा और दुल्हन पक्ष में हुई मारपीट मामले में नया मोड़ आ गया है. दोनों पक्षों के बीच लंबी बातचीत के बाद फैसला हुआ कि दुल्हन पक्ष की तरफ से कुछ दिन पहले दूल्हे पक्ष को दिया गया दहेज का सामान और बारात वाले दिन यानी की मंगलवार के दिन शादी समारोह में आए खाने के खर्चे की रकम दूल्हे पक्ष की तरफ से दी जाएगी.
हालांकि, इस लिखित फैसले पर सिग्नेचर भी हो चुके थे, बताया जा रहा है कि दूल्हे पक्ष ने पैसे और सामान भी वापस कर दिया था. जिसके बाद दूल्हे पक्ष के लोग बारात घर से बाहर निकल ही रहे थे कि तभी दुल्हन पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया. इस हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है. हालांकि, पुलिस के आने से पहले ही दोनों पक्ष मौके से निकल चुके थे.
बहरहाल, इस अनोखे घटनाक्रम ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है. लोग इस शादी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते हुए नजर आ रहे हैं. पुलिस का कहना है कि विवाद दोनों पक्षों की आपसी सहमति से सुलझा लिया गया है और आगे की कार्रवाई शिकायत मिलने पर की जाएगी. पुलिस का कहना है कि शादी नहीं हो पाई है.
“दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी शादी को कैंसिल कर दिया है. यह निर्णय दोनों पक्षों की सहमति से हुआ है.“- मणिभूषण श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक, गंगनहर कोतवाली