केदारघाटी में करंट की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत, जानिए कैसे हुआ हादसा?

रुद्रप्रयाग: गुप्तकाशी नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नाला में करंट लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा उस वक्त हुआ, जब एक महिला पेड़ पर चढ़कर पत्ती काट रही थी. तभी वो करंट के चपेट में आ गई. इस घटना के बाद केदारघाटी क्षेत्र में शोक की लहर है. जबकि, महिला के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पेड़ पर चढ़कर काट रही थी चारा पत्ती, अचानक करंट के चपेट में आई महिला: जानकारी के मुताबिक, गुप्तकाशी में आर्यन हेलीपैड के पास महिला एक पेड़ पर चढ़कर चारा पत्ती काट रही थी. इसी दौरान वो पेड़ की एक टहनी पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई. ऐसे में करंट लगने से महिला पेड़ पर ही अचेत अवस्था में लटक गई. जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया.

WOMAN DIED ELECTROCUTION GUPTKASHI

पेड़ पर चढ़कर पत्ती काटने के दौरान महिला को लगा करंट (फोटो सोर्स- Police)

बिजली आपूर्ति बंद कर महिला को पेड़ से नीचे उतारा: वहीं, आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस और विद्युत विभाग को दी गई. घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग गुप्तकाशी, पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. जहां विद्युत आपूर्ति बंद कर महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया और सीधे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुप्तकाशी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

करंट लगने से मौत-

  1. बिनीता देवी पत्नी कुशलानंद तिवारी, निवासी- नाला, गुप्तकाशी, रुद्रप्रयाग

कानूनी कार्रवाई में जुटी पुलिस: उधर, पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस घटना के बाद लोग काफी दुखी हैं. उन्होंने इस घटना को झकझोर करने वाला बताया है. जहां महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वहीं शोक में पूरा इलाका है.

अल्मोड़ा में करंट लगने से लाइनमैन की हो चुकी दर्दनाक मौत: बीती रोज भी अल्मोड़ा के जागेश्वर क्षेत्र के कोटूली गांव में विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही के चलते एक लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई थी. विद्युत विभाग में कार्यरत लाइनमैन पूरन सिंह (उम्र 45 वर्ष) निवासी काना की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी.

बताया जा रहा है कि कोटूली गांव में विद्युत लाइन में आग लगने की सूचना मिली थी. ऐसे में इस समस्या को ठीक करने के लिए पूरन सिंह गए थे. बताया जा रहा है कि लाइन पर काम के दौरान उन्हें शटडाउन दिया गया था, लेकिन इसी बीच तोली पावर हाउस से किसी अन्य कर्मचारी ने बिना पुष्टि किए शटडाउन वापस ले लिया. जिसके चलते पूरन सिंह करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *