रुद्रपुर: किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के बेटे सौरभ बेहड़ पर हुए जानलेवा हमले का खुलासा करने के लिए पुलिस को काफी पसीना बहाना पड़ा. इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमें शहर भर के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज समेत हजारों की संख्या में मोबाइल नंबरों को खंगालते हुए आरोपियों तक पहुंची. जिसके बाद पुलिस ने षड्यंत्र से लेकर हमले की परत दर परत खोल कर रख दी. इसके तहत पुलिस ने चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया, लेकिन विधायक तिलक बेहड़ ने रोते हुए कह दिया कि बेटे ने खुद पर ही हमला करवाया था.
तिलक राज बेहड़ के बेटे पर हमले के पीछे की कहानी सुन पुलिस हुई दंग: किच्छा विधानसभा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के बेटे व रुद्रपुर नगर निगम के पार्षद सौरभ राज बेहड़ पर हुए हमले का आखिरकार ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. जब टीम ने आरोपियों से पूछताछ की तो हमले के पीछे की घटना सुनकर पुलिस भी दंग रह गई. पार्षद पर हमला कराने वाला मास्टरमाइंड और कोई नहीं खुद सौरभ राज बेहड़ ही था.
पुलिस की पूछताछ में आरोपी इंदर नारंग ने बताया कि ‘बीती 18 जनवरी को पार्षद सौरभ राज बेहड़ ने उसे अपने घर बुलाया था. इस दौरान उसने बताया कि उसका पत्नी के साथ कुछ समय से विवाद चल रहा है. सहानुभूति पाने के लिए उसने खुद पर हमले का षड्यंत्र रचा. 18 जनवरी की शाम वो षड्यंत्र के मुताबिक, स्कूटी से घर से निकला और कुछ दूरी पर हायर किए गए बदमाशों से मार खाने के बाद अस्पताल में भर्ती हो गया.’
घटना के खुलासे के लिए पुलिस खंगालती रही शहर भर सैंकड़ों कैमरे: विधायक पुत्र व पार्षद पर हुए हमले के बाद जहां एक और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे तो वहीं दूसरी ओर भारी विरोध के बाद भी पुलिस मामले की जांच में जुटी रही. नकाबपोश बदमाशों की पहचान के लिए टीम शहर भर के सैकड़ों कैमरों को खंगालती रही. किसी कैमरे में आरोपी कैद हुए तो किसी में वो नजर नहीं आए. जिसके बाद टीमों ने अलग-अलग मोबाइल टावरों से संदिग्ध नंबरों को खंगाला और आरोपियों को चिह्नित किया.
सुरक्षा में तैनात गनर बुलाया गया वापस: रुद्रपुर नगर निगम के पार्षद व विधायक के बेटे सौरभ राज बेहड़ पर जानलेवा हमले के बाद एसएसपी के निर्देश पर उनकी सुरक्षा में एक गनर को तैनात किया गया था, लेकिन जैसे ही ट्रांजिट कैंप पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी कर षड्यंत्र का खुलासा किया तो वैसे ही कप्तान ने पार्षद की सुरक्षा में तैनात सिपाही को वापस बुला लिया. उधम सिंह नगर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि गनर को वापस बुला लिया गया है.
विधायक तिलक राज बेहड़ रोते हुए बोले- बेटे को माफ नहीं करूंगा: परिवार की सिंपैथी पाने के लिए खुद को पिटवाने का षड्यंत्र रचने वाले पार्षद सौरभ राज बेहड़ को उनके पिता कभी माफ न करने की बात कहते हुए नजर आए. उन्होंने कहा कि वो उसे अपना नहीं सकते. बेटे ने उनकी छवि खराब की है. लोगों की नजरों में उसने उन्हें गिराया है.
विधायक बेहड़ ने बेटे से तोड़े सभी संबंध: इसके अलावा विधायक तिलक राज बेहड़ ने आगे कहा कि जिस आदमी ने दलगत राजनीति से उठकर तराई की सेवा की है. जिसकी एक आवाज पर हजारों लोग एकत्रित हो गए आज उसने ऐसा काम किया, जिससे वो काफी आहत हुए हैं. आज वो बेटे से सभी संबंध तोड़ते हैं.