मां पूर्णागिरि मंदिर मार्ग पर पुल निर्माण को मंजूरी, अब 12 महीने चलेगी यात्रा

चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर अपनी विधानसभा के टनकपुर क्षेत्र वासियों को बड़ी सौगात दी है. सीएम धामी ने टनकपुर तहसील क्षेत्र में स्थित उत्तर भारत के प्रसिद्ध तीर्थ मां पूर्णागिरि मार्ग पर स्थित किरोड़ा नाले में 480 मीटर लंबे व 120 मीटर स्पान के पुल निर्माण की स्वीकृति दे दी है. इस पुल के निर्माण के लिए शासन ने ₹48.37 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति भी दे दी है.

सीएम धामी के मां पूर्णागिरि मेले को साल भर संचालित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. क्योंकि, अक्सर बरसात के सीजन में किरोड़ा नाले के उफान में आने के चलते मां पूर्णागिरी मेला दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की राह रुक जाती थी. जबकि, इस बरसाती नाले को पार करने के दौरान पूर्व में कई जनहानि भी हो चुकी है.

इसलिए स्थानीय लोगों की मां पूर्णागिरी मार्ग में पुल निर्माण की मांग लंबे समय से थी. जिसे मुख्यमंत्री ने पूरा कर क्षेत्रीय लोगों को बड़ी सौगात दी है. मां पूर्णागिरि धाम की यात्रा को सालभर यानी 12 महीने संचालित करने की दिशा में यह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से एक जनहितकारी पहल मानी जा रही है.

लिहाजा, सीएम धामी के उत्तर भारत के प्रसिद्ध तीर्थों में शुमार मां पूर्णागिरि धाम यात्रा को बारहमासी संचालित करने की घोषणा अब उनके फैसले से धरातल पर साकार होने की दिशा में अग्रसर हो गई है. जिसके तहत मां पूर्णागिरी मार्ग में स्थित बरसाती किरोड़ा नाले में 480 मीटर लंबाई एवं 120 मीटर स्पान वाले पुल के निर्माण के लिए ₹48.37 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है.

बता दें कि टनकपुर नगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नायकगोठ में स्थित किरोड़ा नाले पर प्रस्तावित पुल निर्माण की स्थानीय लोग लंबे समय से मांग कर रहे थे. क्योंकि, अक्सर बरसात के सीजन में यह बरसाती नाला श्रद्धालुओं की दर्शन मार्ग में बाधा बन जाता था. साथ ही दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनता था.

वहीं, ब्रिज कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (ब्रिडकुल) हल्द्वानी इकाई की ओर से प्रस्तुत ई डीपीआर का शासन स्तर पर परीक्षण के बाद यहां पर पुल निर्माण का फैसला लिया गया था. वहीं, चंपावत डीएम मनीष कुमार ने इस स्वीकृति पर खुशी जाहिर की है. उनका कहना है कि इससे टनकपुर नगर समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *