मसूरी: उत्तराखंड राज्य स्थापना की 25वीं रजत जयंती के अवसर पर मसूरी में लोक संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली. नगर पालिका परिषद मसूरी की ओर से टाउन हॉल में आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या में देर रात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही. कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. पूरा सभागार उत्तराखंड की परंपरागत वेशभूषा और लोक धुनों की छटा से सराबोर दिखा.
लोक गायक अर्जुन तोमर, संगीता ढौंडियाल, संजय कुमोला, जितेंद्र पवार, अमित खरे, अंजलि खरे, वे कैश, प्रेरणा भंडारी नेगी और हास्य कलाकार त्रिलोक चौहान ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया. त्रिलोक चौहान के व्यंग्य और हास्य ने ऐसा समां बांधा कि सभागार ठहाकों से गूंज उठा. लोकधुनों पर दर्शक झूमते नजर आए और तालियों की गड़गड़ाहट देर रात तक सुनाई देती रही.
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उत्तराखंड की 25 साल की विकास यात्रा पर गर्व जताते हुए कहा कि यह पल उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण है. 25 वर्षों में हमारा राज्य विकास के हर क्षेत्र में आगे बढ़ा है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान और हित में लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने बताया कि आंदोलनकारियों के लिए सरकार ने कई राहत योजनाएं लागू की हैं कि राज्य आंदोलनकारियों को अब सरकारी गेस्ट हाउसों में रियायती दरों पर ठहरने की सुविधा दी गई है.