लक्सर कटारपुर गांव में दबंगों ने युवक को मारी गोली, हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर

लक्सर: पथरी थाना क्षेत्र के कटारपुर गांव में गुरुवार देर शाम आठ बजे दबंगई की सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया. गांव के ही कुछ लोगों ने मंदिर में बैठे युवक अर्जुन को गोली मार दी. गोली उसके सिर में लगी. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद ग्रामीणों ने आनन-फानन में अर्जुन को हरिद्वार के अस्पताल में भर्ती कराया. जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है.

सूचना मिलते ही पथरी थाना अघ्यक्ष मनोज नौटियाल और फेरूपुर चौकी प्रभारी अशोक शिरस्वाल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. अशोक शिरस्वाल ने गोलीकांड की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा दोषियों को जल्द पकड़ा जाएगा. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हमलावर ग्राम प्रधान पक्ष के लोग हैं. जिन्होंने पहले अर्जुन के साथ कहासुनी की. जिसके बाद अचानक से गोली चला दी. पुलिस ने फिलहाल किसी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है. जबकि घायल युवक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.

यह फायरिंग की पहली घटना नहीं है. इससे पूर्व भी पथरी थाना क्षेत्र के ड्यूटी पर जा रहे आपदा मित्र पर दबंगों ने हमला कर दिया था. आपदा मित्र पर फायरिंग भी की गई थी. गोली लगने से वह बुरी तरह घायल हो गया था. बिशनपुर कुंडी आपदा राहत चौकी पर तैनात आपदा मित्र शिवम कुमार पुत्र पुष्पेंद्र पर देर रात में ही जानलेवा हमला हुआ था. इसके बाद लोगों ने उसे पहले प्राथमिक उपचार दिलाया. इसके बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज के लिए जौलीग्रांट अस्पताल ले जाया गया. इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.

इससे पहले 20 जुलाई को बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की थी. इससे इलाके में दहशत फैल गई थी. तब तीन बाइकों पर नौ अराजक तत्व सवार होकर आए थे. उन्होंने सिमली मोहल्ले के वार्ड नंबर 2 और 3 में अंधाधुंध फायरिंग की थी. गोलियां चलने की आवाज सुनकर लोग बाहर निकले तो अराजक तत्व फरार हो गए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *