होली से पहले पीएम मोदी देश को तीन और वंदे भारत का तोहफा देने वाले हैं। यह तीनों ट्रेन अगले हफ्ते से दौड़ना शुरू कर देंगी। खास बात यह है यह तीनों नई वंदे भारत चार राज्यों की राजधानियों को जोड़ने वाली हैं। यह चार राज्य हैं, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और झारखंड। शुक्रवार को आठ कोच के रैक का ट्रायल रन पटना और लखनऊ के बीच हुआ। नई वंदे भारत एक्सप्रेस के रैक का पैटर्न केसरिया और हरे रंग के थीम पर है।
दो से पांच मिनट का स्टॉपेज
पटना से लखनऊ के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस, दानापुर, आरा, बक्सर, दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी जंक्शन और अयोध्या धाम जंक्शन पर दो से पांच मिनट के लिए रुकेगी। एक सीनियर रेलवे अधिकारी ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में यह जानकारी दी। यह ट्रेन पटना से सुबह 6 बजकर पांच मिनट पर निकलेगी और 2 बजकर 45 मिनट पर चारबाग पहुंचेगी। वापसी में यह शाम में लखनऊ से 3 बजकर 20 मिनट पर निकलेगी और रात 11.45 तक पटना पहुंचेगी।
सफल रहा था ट्रायल रन
अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को ट्रेन का ट्रायल रन बेहद सफल रहा था। देहरादून-लखनऊ और रांची-वाराणसी के बीच चलने वाली वंदे भारत का शिड्यूल अभी जारी नहीं हुआ है। गौरतलब है कि वर्तमान में यूपी में पांच वंदे भारत ट्रेन्स चल रही हैं। यह वंदे भारत ट्रेन लखनऊ-वाराणसी, गोरखपुर-लखनऊ, अयोध्या धाम-आनंद विहार और आनंद विहार से देहरादून वाया पश्चिमी यूपी चल रही है।