लोकसभा चुनाव 2024 की आचार संहिता लगने के बाद यह दूसरा मौका है कि प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड पहुंचे हैं। आज वह ऋषिकेश के आईडीपीएल खेल मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं से की अपील
इस दाैरान पीएम मोदी ने जनसभा में आए कार्यकर्ताओं ने सवाल किया कि मेरा एक पर्सनल काम है, आप करोगे? राम नवमी आने वाली है। गांव-गांव जाकर मेरी तरफ से देवता के आगे माथा टेककर प्रणाम करना है। हर घर जाकर बड़े बुजुर्गों को कहना मोदी जी ऋषिकेश आए थे, उन्होंने आपको राम-राम भेजा है।
कांग्रेस विकास और विरासत की विरोधी है- मोदी
पीएम ने कहा कि कांग्रेस विकास और विरासत की विरोधी है। कांग्रेस ने प्रभु राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए हैँ। ये कांग्रेस ही है जिसने पहले राम मंदिर का विरोध किया। अदालत के काम में भी रुकावटें डाली, लेकिन राम मंदिर बनाने वालों ने उनके सारे गुनाह माफ करके घर जाकर निमंत्रण दिया, लेकिन उन्होंने उस अवसर का भी तिरस्कार कर दिया। हिंदू धर्म में जो शक्ति है इस कुरुती का नाश करेगी। उनकी ये मंशा हम पूरी नहीं होने देंगे। कहा कि अब कांग्रेस गंगा के अस्तित्व पर सवाल उठा रही है। लेकिन जनता उन्हें सबक जरूर सिखाएगी। हम विकसित भारत के संकल्प का सपना पूरा करना है तो कमल खिलाने होंगे। बाकी काम करना मेरी गारंटी है।
पीएम मोदी ने गिनाए सरकार के काम
कहा कि गढ़वाल हो या कुमाऊं माताओं बहनों का समय लकड़िया लाने और चूल्हे पर काम करने में बीत जाता था। हमने घर घर सिलिंडर पहुंचाया। जल जीवन मिशन पर भी काम हुआ है। आज स्थिति बदल गई है। आज उत्तराखंड में दस में से नाै परिवारों के घर में नल से पानी आ रहा है। राशन और सामान के लिए भी दिक्कत नहीं। मुफ्त राशन, मुफ्त इलाज की सुविधा दी है। कहा कि धामी और उनकी सरकार इस पर बहुत मेहनत से शानदार काम कर रही है।