उत्तराखंड में निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है. सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतार दिए हैं. चाहे बात कांग्रेस की हो या बीजेपी की, टिकट की लड़ाई में नाराज कार्यकर्ताओं ने पार्टी बदल रहे हैं. ऐसे में दो पार्टियों के बागियों पर अब एक्शन होने जा रहा है. बीजेपी और कांग्रेस, दोनों ही पार्टियां बागियों को लेकर खासा चिंतित हैं. दोनों दलों के बागी उम्मीदवार उनके लिए मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं. सत्तारूढ़ दल बीजेपी ने इन बागी उम्मीदवारों के खिलाफ कार्रवाई का मन बना लिया है. पौड़ी जनपद में एक दर्जन से ज्यादा बागी उम्मीदवारों की सूची तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को भेज दी गई है. उम्मीद है कि 8 जनवरी तक इन पर कार्रवाई की तलवार लटक सकती है.
शीर्ष नेतृत्व को भेजे गए नाम: पौड़ी जनपद में बीजेपी के बागी उम्मीदवार पार्टी के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं. श्रीनगर नगर निगम में बीजेपी से बागी जिला उपाध्यक्ष लखपत भंडारी की पत्नी, आरती भंडारी मेयर पद पर चुनाव लड़ रही हैं. इसी तरह, पौड़ी नगर पालिका चुनाव में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी की पत्नी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में है. इनके अलावा कुसुम चमोली, बीरा भंडारी, और प्रियंका पंत थपलियाल जैसे बागी उम्मीदवारों के नाम भी प्रदेश नेतृत्व को भेजे गए हैं.