सीएम धामी की घोषणा, आवासीय भवनों में अग्निकांड को माना जाएगा आपदा, मानकों के अनुरूप मिलेगी राहत राशि। – News of Uttarakhand

सीएम धामी की घोषणा, आवासीय भवनों में अग्निकांड को माना जाएगा आपदा, मानकों के अनुरूप मिलेगी राहत राशि।

देहरादून: उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 28 नवंबर 2023 को फंसे 41 श्रमिकों को सफल बचाव अभियान के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया था. इस ऐतिहासिक बचाव अभियान की स्मृति में प्रदेश में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में 25 से 28 नवंबर तक तमाम कार्यक्रमों एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में शुक्रवार को सचिवालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं की. इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका एवं उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) 2026–27 का विमोचन किया.

मुख्यमंत्री की घोषणा: मुख्यमंत्री ने घोषणा किया कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा. इनके सहयोग से आम जनमानस को आपदाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा.

शिक्षकों को बनाया जाएगा आपदा मित्र: पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रति एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को राज्य सरकार की ओर से आपदा मित्र या आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा. इनके जरिए छात्र-छात्राओं को आपदाओं के प्रति लगातार जागरूक किया जाएगा.

आवासीय भवनों में आग की घटना को आपदा माना जाएगा: मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आवासीय भवनों में किसी भी प्रकार की दुर्घटना के कारण आग लगने की घटना को आपदा के रूप में स्वीकार किया जाएगा और ऐसे अग्निकांड से प्रभावित व्यक्तियों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुरूप राहत राशि प्रदान की जाएगी. आपदाओं एवं सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों के चलते आपदा प्रबंधन एक चुनौती है. प्रदेश को तमाम तरह की प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है. ऐसे में आपदाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ ही हर स्तर पर पूर्व तैयारियों को मजबूत करना आवश्यक है. आपदा प्रबंधन से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी जोड़ा जा रहा है.

सीएम ने कहा कि आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है. आपदा की सूचना मिलते ही पूरा तंत्र सक्रिय हो और प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द राहत एवं सहायता पहुंचे. कठिन परिस्थितियों में आपदा प्रभावितों के बीच जाकर उनके साथ खड़े रहना आवश्यक है. पिछले दो-तीन सालों में प्रदेश ने अनेक आपदाओं का सामना किया है. इस दौरान शासन-प्रशासन और केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने बेहतर समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किए हैं.

सीएम ने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे. सभी श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालना एक बड़ी चुनौती थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने आपसी समन्वय के साथ इस अभियान को आगे बढ़ाया. प्रधानमंत्री निरंतर बचाव अभियान की प्रगति की जानकारी लेते रहे.

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय व केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की टीमों का भी अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग रहा. सिलक्यारा बचाव अभियान के दौरान अनेक तकनीकी चुनौतियां सामने आईं. श्रमिकों की सुरक्षित निकासी के लिए एक साथ विभिन्न वैकल्पिक उपायों पर कार्य किया गया. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की सहायता ली गई। करीब 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने में सफलता मिली. बाबा बौखनाग के आशीर्वाद, श्रमिकों के धैर्य, बचाव दलों के अथक परिश्रम तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से यह अभियान सफल हुआ। सीएम ने भूकंप की दृष्टि से उत्तराखण्ड की संवेदनशीलता को देखते हुए भूकंप से बचाव के लिए भी मॉक ड्रिल आयोजित किए जाने पर जोर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *