उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में कालिंदी ट्रैक इलाकों में अलग-अलग जगहों पर फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने उत्तराखंड SDRF के साथ-साथ भारतीय सेना, UCADA, पैरामिलिट्री बल, उत्तराखंड पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अलावा कई अन्य विभागों की टीमों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया था, जिसे पूरा कर लिया गया है. सभी फंसे हुए ट्रेकर्स का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है.
रेस्क्यू अभियान के दौरान विभिन्न ट्रैक रूटों से कुल 67 ट्रेकर्स को सकुशल रेस्क्यू किया गया, जिनमें ऑडेन कोल के 29 ट्रेकर्स
- कालिंदी खाल के 19 ट्रेकर्स
- माउंट जॉगिंग के आठ ट्रेकर्स
- वासुकी ताल के 11 ट्रेकर्स शामिल हैं.
विषम परिस्थितियों के बीच चुनौतीपूर्ण रहा रेस्क्यू अभियान: रेस्क्यू अभियान के दौरान दुर्गम पहाड़ी भू-भाग, अत्यधिक ऊंचाई, तेज हवाओं, प्रतिकूल मौसम, अत्यधिक बर्फबारी व कठिन ट्रैकिंग परिस्थितियों के कारण बचाव दलों के सामने अनेक चुनौतियां रहीं. हेली रेस्क्यू के दौरान भी तेज हवाओं व मौसम के अनुकूल न होने के कारण उड़ान संचालन में कठिनाइयां सामने आईं.
इन विषम परिस्थितियों के बावजूद SDRF सहित सभी बचाव एजेंसियों के बीच बेहतर आपसी समन्वय व टीमवर्क के माध्यम से रेस्क्यू अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया और सभी 67 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया.
सभी ट्रेकर्स को प्राथमिक स्वास्थ्य जांच हेतु अस्पताल पहुंचाया गया: रेस्क्यू किए गए सभी ट्रेकर्स को हर्षिल हेलीपैड पहुंचाने के उपरांत प्राथमिक स्वास्थ्य जांच हेतु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार उपचार उपलब्ध कराया गया.
बता दें कि मौसम खराब होने के कारण कालिंदी समेत कई अन्य ट्रैक पर कुछ पर्यटक फंस गए थे, जिन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया था. ट्रैक और आसपास के इलाकों में फंसे सभी पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया है.