डोईवाला में लच्छीवाला टोल प्लाजा पर हादसा, तेज रफ्तार ट्रक टोल लेन में घुसा, वीडियो भी आया सामने

डोईवाला: उत्तराखंड के देहरादून जिले से बड़ी खबर सामने आई है. डोईवाल थाना क्षेत्र में लच्छीवाला टोल प्लाजा पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर टोल लेन में जा घुसा. राहत की बात ये है कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है.

फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार ट्रक काफी तेज रफ्तार में था. तभी ड्राइवर का ट्रक से नियंत्रण खो गया और ट्रक ने बेकाबू होकर टोल लेन के बैरियर को तोड़ते हुए आगे निकल गया. गनीमत रही कि हादसे के वक्त उस लेन में या ट्रक के आगे कोई अन्य वाहन मौजूद नहीं था, वरना जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था.

इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी सी मच गई थी. वहीं मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. बता दें कि लच्छीवाला टोल प्लाजा पर इससे पहले भी कई हादसे हो चुके है. तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यहां अक्सर वाहन टोल बूथ से टकरा जाते हैं.

जांच में जुटी पुलिस: हादसे के तुरंत बाद डोईवाला पुलिस और टोल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगा रही है कि हादसा ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ या चालक की लापरवाही से. ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है. टोल प्रबंधन कर्मी मनीष नेगी ने वाहन चालकों से टोल प्लाजा के पास गति धीमी रखने और सतर्कता बरतने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *