रुद्रप्रयाग और मसूरी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा शहर, कैबिनेट मंत्री ने भी लिया हिस्सा

रुद्रप्रयाग: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार 13 अगस्त को को जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. आर्मी कैंट से शुरू होकर गुलाबराय मैदान तक पहुंची तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे बच्चों और नागरिकों से शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा.

तिरंगा यात्रा में कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक भरत सिंह चौधरी ने भी प्रतिभाग किया. उन्होंने यात्रा में शामिल लोगों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते हुए उनका उत्साह बढ़ाया. विशेष रूप से स्कूली बच्चों में तिरंगा यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया. बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर पूरे जोश और उमंग के साथ यात्रा में शामिल हुए और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया.

स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस यात्रा ने नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया. यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से शहर का वातावरण देर तक गूंजता रहा.

तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक: इस मौके पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. राष्ट्रीय ध्वज प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव, सम्मान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है. तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन विशेषकर युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

उन्होंने यात्रा में शामिल सभी स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं और नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है. अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करना ही सच्ची देशभक्ति है. उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने के लिए सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *