हल्द्वानी: उफनते भाखड़ा नदी के तेज बहाव में फंसे दो लोग, बमुश्किल बची जान

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी के फतेहपुर क्षेत्र में भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा टल गया. भाखड़ा नदी पार करते समय दो लोग तेज बहाव में फंस गए, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित प्रयास से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. पुल के अभाव में हर बरसात ग्रामीण जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं.

मैदानी और पहाडी जनपदों में हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है. मैदानी क्षेत्रों में बहने वाले नदी नालों में पानी का तेज बहाव बहने लगा है. इसी बीच फतेहपुर क्षेत्र में बहने वाली भाखड़ा नदी में बड़ा हादसा होते-होते टल गया. सोमवार की शाम दो लोग बाइक से नदी पार करने की कोशिश कर रहे थे. अचानक जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण दोनों बीच धारा में फंस गए. उन्हें बहता देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. स्थानीय ग्रामीण बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. समय रहते राहत मिलने से दोनों की जान बच गई.

यह घटना एक बार फिर फतेहपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की वर्षों पुरानी समस्या को सामने लेकर आई है. बरसात के मौसम में भाखड़ा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ जाता है, लेकिन नदी पार करने के लिए अब तक कोई स्थायी पुल नहीं बन पाया है. मजबूरी में ग्रामीण रोजमर्रा के काम, खेती, स्कूल और बाजार आने-जाने के लिए इसी जोखिम भरे रास्ते का इस्तेमाल करते हैं. स्थानीय निवासी नीरज तिवारी का कहना है कि हर साल बरसात में ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन इसके बावजूद पुल निर्माण की मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी है. कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है.

गौर हो कि भारी मानसूनी बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों को नदी नालों से दूर रहने की अपील की है. इसके बाद भी लोग प्रशासन की अपील की अनदेखी कर रहे हैं और जान जोखिम में डालकर नदी-नाले पार करते दिखाई दे रहे हैं. ऐसे में जरा सी चूक जान पर भारी पड़ सकती है. वहीं मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *