कांवड़ यात्रा के दौरान नियमों का करें पालन, बाधा डालने वालों पर होगा बड़ा एक्शन, सीएम धामी की चेतावनी

देहरादून: उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा से संबंधित सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. इसके साथ ही यात्रा को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन ने प्लान भी तैयार कर लिया है. दरअसल, 30 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है. इस दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु, हरिद्वार और ऋषिकेश, गंगा जल लेने पहुंचते हैं. यही वजह है कि हर साल प्रशासन के साथ ही तमाम संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं मुकम्मल करनी होती हैं. ताकि कांवड़ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु सुलभ तरीके से गंगा जल भर कर अपने गंतव्य को रवाना हों. सीएम धामी ने कहा कि, कांवड़ यात्रा में विघ्न डालने वालों पर कानून सख्ती से कार्रवाई करेगा.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, कांवड़ यात्रा की तैयारियां हो चुकी हैं. ऐसे में सरकार सभी कांवड़ियों का देवभूमि उत्तराखंड के मां गंगा के स्थान हरिद्वार, ऋषिकेश में स्वागत करेंगे. यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं के लिए उन्होंने खुद भी बैठक की है. ताकि जल भरने का स्थान, घाटों, साफ-सफाई, आवास, परिवहन की व्यवस्था अच्छी हो. साथ ही जल पुलिस की भी तैनाती की गई है. यात्रा की वजह से वाहनों का आवागमन प्रभावित न हों, इसके लिए ट्रैफिक रूट भी डायवर्ट किया गया है.

यात्रा के नियमों का पालन करें. यात्रा सुखद और सुरक्षित हो, इसके लिए सरकार ने सभी प्रयास किए हैं. कांवड़ यात्रा में सभी का स्वागत है. हालांकि, जहां पर भी कोई कानून व्यवस्था तोड़ेगा, या यात्रा में विघ्न डालेगा, तो कानून उसके खिलाफ सख्ती और व्यवस्थित तरीके से काम करेगी.
-पुष्कर सिंह धामी, सीएम-

हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि, कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम धामी ने भी रिव्यू लिया था और दिशा निर्देश दिए थे. ऐसे में कांवड़ मेले को देखते हुए ट्रैफिक से संबंधित एक स्पेशल प्लान बनाया गया है. इसके साथ ही ड्रोन सर्विलांस भी किया जाएगा. ड्रोन के जरिए पार्किंग एरिया, रूट्स, मुख्य पर्यटक स्थल और मंदिर स्थल की निगरानी की जाएगी. पुलिस विभाग की ओर से गाइडलाइन भी जारी की गई है.

इंटर स्टेट कोऑर्डिनेशन कमेटी की जो बैठक हुई थी, उसके तहत सभी कांवड़ यात्रियों से अनुरोध किया जा रहा है कि वो अपना पहचान पत्र साथ लेकर चलें. यही नहीं, कांवड़ की लंबाई और डीजे को लेकर जो एसओपी जारी की गई है, उसका पालन करें.
-मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी, हरिद्वार-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *