देहरादून: उत्तराखंड में चल रहे एसआईआर यानी विशेष गहन पुनरीक्षण के पहले चरण की प्रक्रिया संपन्न होने के साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है. मतदाता सूची जारी होने के साथ ही 14 जुलाई से जिन मतदाताओं की जानकारी में त्रुटियां हैं, उनको नोटिस जारी होने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है.
इसी बीच बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. साथ ही 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची की डिजिटल कॉपी भी सौंपी. इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों का एसआईआर के पहले चरण में दिए गए सहयोग के लिए आभार भी जताया.
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने राजनीतिक दलों को बताया कि उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण पूरा होने के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची का 14 जुलाई 2026 को प्रकाशन कर दिया गया है. एसआईआर का पहला चरण पूरा होने के बाद प्रदेश में 71,33,785 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं.
उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 8 लाख 26 हजार मतदाता एएसडी (Absent, Shift, Death) श्रेणी में पाए गए हैं. साथ ही कहा कि पहले प्रदेश में 11,733 मतदान केंद्र थे, जिसके सापेक्ष वर्तमान में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 12,543 हो गई है. उन्होंने बताया कि हर बीएलओ को 100-100 फार्म 6 उपलब्ध कराए जा रहे हैं. ताकि, जो नागरिक किसी भी वजह से मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं करा पाए, उन्हें फिर से अवसर मिल सके.
मतदाता सूची से सिर्फ पांच नाम डिलीट कर सकेगा एक व्यक्ति: मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में बताया कि आयोग की ओर से मतदाताओं को 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच फार्म 6, 7 और 8 पर दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय दिया गया है. इसके साथ ही किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के लिए एक व्यक्ति की ओर से अधिकतम 5 आवेदन ही पेश किए जा सकेंगे.
एक ही व्यक्ति की ओर से नाम हटाने के लिए अगर 5 से ज्यादा आवेदन किए जाते हैं, तो उसकी ईआरओ की ओर से ऐसे मामलों की व्यक्तिगत जांच कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक नोटिस की अवधि एवं दावे आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा. अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल 71,33,785 मतदाताओं में से लगभग 19 लाख मतदाताओं में तमाम तरह की त्रुटियां प्राप्त हुई. जिन्हें संबंधित ईआरओ/एईआरओ की ओर से नोटिस जारी किए जाएंगे. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से नोटिस फेज मे बीएलए को और भी सक्रियता से भागीदारी करने का अनुरोध किया.