गढ़वाल को एक दिन में मिली दो बड़ी सौगातें, लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर दौड़ेंगे वाहन

पौड़ी: गढ़वाल क्षेत्र के लिए आज का दिन दोहरी खुशखबरी लेकर आया. गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने क्षेत्रवासियों को एक ही दिन में दो महत्वपूर्ण सौगातों की जानकारी दी है. जिसमें रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन और लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर वाहनों को हरी झंडी शामिल है. जिस पर उनका कहना है कि ये फैसले गढ़वाल में विकास, पर्यटन, व्यापार और सुगम आवागमन को नई गति देंगे.

रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ: बीजेपी सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र की जनता की मांग पर 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया जा रहा है. शुरुआती चरण में यह ट्रेन हफ्ते में दो दिन चलेगी. यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसके संचालन को हफ्ते में चार या पांच दिन तक विस्तारित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कॉर्बेट सिटी के रूप में प्रसिद्ध रामनगर उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन केंद्र है.

नई रेल सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों को देहरादून आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी. साथ ही देशभर से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु कॉर्बेट नेशनल पार्क समेत उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक ज्यादा सुगमता से पहुंच सकेंगे. सांसद ने इस उपलब्धि का श्रेय पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है.

इसके अलावा सांसद अनिल बलूनी ने दूसरी बड़ी उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि सुप्रीम कोर्ट की सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) ने लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर ‘कमर्शियल वाहन’ को लेकर बनी सभी असंमजस को दूर कर दिया है. इसके बाद इस मार्ग पर अधिकांश आवश्यक वाहनों के संचालन का रास्ता साफ हो गया है. अब इस मार्ग पर सवारी वाहन, सरकारी बसें, जीएमओयू (GMOU) की बसें, स्कूल बसें, किसानों के ट्रैक्टर और भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों के संचालन की अनुमति मिल गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *