नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत नैनीताल पहुंचे. इस दौरान उन्होंने राज्य अतिथि गृह में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. साथ ही सीएम धामी ने संगठन को मजबूत करने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया. मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश में उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता.
मुख्यमंत्री धामी ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वे सेना और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे विषयों पर सबूत मांगते हैं, जबकि देश की सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवाल उठाना उचित नहीं है. उन्होंने कहा राहुल गांधी विदेशों में जाकर भी भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री का विरोध राजनीतिक विषय हो सकता है, लेकिन सेना का विरोध समझ से परे है.
सीएम धामी ने कहा उन्होंने कैंची धाम क्षेत्र में लगने वाले जाम, लोकायुक्त की नियुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा. कैंची धाम क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार के सामने एक बड़ी चुनौती है. जिसके समाधान के लिए नई सड़कों और वैकल्पिक मार्गों का विकास किया जा रहा है. उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही क्षेत्र को जाम की समस्या से राहत मिलेगी. साथ ही चारधाम और कैंची धाम सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है.
लोकायुक्त की नियुक्ति के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा गठित समितियों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. जल्द ही उत्तराखंड को नया लोकायुक्त मिलेगा. विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है. हिमालय, गंगा और यमुना जैसे प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना आवश्यक है. जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके.