यूपी के MLA का बेटा हूटर बजाता दौड़ा रहा था पापा की कार, देहरादून पुलिस ने की सीज

देहरादून: उत्तराखंड में माननीयों के बेटों की मनमानी जारी है. बीजेपी के वरिष्ठ नेता कुंवर प्रणव चैंपियन के बेटे के मारपीट के मामले के बाद दूसरे राज्य के विधायक का बेटा ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाता हुआ पकड़ा गया. पुलिस ने विधायक के मनबढ़ बेटे का वाहन सीज कर लिया है.

ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहा वाहन सीज: देहरादून में काली फिल्म, विधायक का बोर्ड और हूटर लगा वाहन फर्राटे भर रहा था. संदिग्ध होने के शक पर वाहन को रोककर चेकिंग की गई. थाना बसंत विहार पुलिस को वाहन में वीआईपी नाम की पट्टिका, काली फिल्म और हूटर लगे मिले. वाहन चलाने युवक ने खुद को विधायक का बेटा बताया. इस पर पुलिस ने इन सभी चीजों को हटा दिया. इसके बाद वाहन को सीज कर दिया गया.

दिल्ली कार ब्लास्ट के बाद से जारी है सघन चेकिंग: बता दें कि पिछले दिनों दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट की घटना के बाद से एसएसपी के निर्देशों पर पूरे देहरादून जनपद में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. जरा सा भी शक होने पर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है. चेकिंग के दौरान मंगलवार रात बसंत विहार पुलिस ने एक संदिग्ध सफारी वाहन को रुकवाया. इस कार में आगे विधायक का बोर्ड लगा था. वाहन के शीशों पर ब्लैक फिल्म थी. इसके साथ ही कार में हूटर भी लगाया गया था.

कार चालक ने खुद को विधायक का बेटा बताया: वाहन की पूरी चेकिंग में उसमें कोई भी विधायक मौजूद नहीं मिला. चालक ने खुद को बाहरी राज्य के विधायक का बेटा होना बताया. नियमों के उल्लंघन और सुरक्षा के मद्देनजर से पुलिस टीम ने वाहन को कब्जे में ले लिया. इसके बाद वाहन पर लगे विधायक के बोर्ड को हटाते हुए वाहन के शीशों में लगी काली फिल्म और हूटर को भी हटवाया गया. वाहन स्वामी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज किया गया.

एसएसपी ने कहा नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं: एसएसपी अजय सिंह ने बताया है कि-

वाहनों में किसी भी प्रकार के भ्रामक बोर्ड, अवैधानिक उपकरण या वीआईपी चिन्हों का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रत्येक दशा में कार्रवाई तय है. ऐसे ही एक वाहन को देहरादून में सीज किया गया है.
-अजय सिंह, एसएसपी, देहरादून-

पुलिस की जांच में पता चला कि ये कार उत्तर प्रदेश के बीजेपी विधायक देवेंद्र कुमार निम की थी. देवेंद्र कुमार निम यूपी के सहारनपुर जिले की रामपुर मनिहारन विधानसभा सीट से विधायक हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *