लक्सर: हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के सुल्तानपुर क्षेत्र में हुई टप्पेबाजी की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ₹1 लाख से अधिक की नकदी के साथ ही चोरी किए दस्तावेज और एक चाकू भी बरामद किया गया है.
गौर हो कि 27 अप्रैल को जब ज्वालापुर निवासी दीपक कुमार के बड़े भाई मनोज कुमार, जो सुल्तानपुर में सीमेंट और सरिया का कारोबार करते हैं, अपनी कार को दुकान के बाहर खड़ा कर अंदर गए थे. कुछ ही समय में अज्ञात व्यक्ति ने कार का दरवाजा खोलकर रुपये से भरा बैग साफ कर दिया. उस बैग में ₹2.5 लाख रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे. घटना के बाद दीपक कुमार ने तुरंत सुल्तानपुर चौकी में तहरीर दी थी. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर चौकी प्रभारी वीरेंद्र नेगी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने क्षेत्र में गहन रेकी की, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया.
जांच के दौरान पुलिस को गिरोह की गतिविधियों के बारे में ठोस जानकारी मिली और तकनीकी सहायता से आरोपियों की पहचान कर ली गई. जिसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की. आरोपी सुरेश और रितिक जबकि एक नाबालिग आरोपी को संरक्षण में लिया गया है. तीनों हरिद्वार के बैरागी कैंप के निवासी हैं. रितिक के पास से ₹40,100 नकद व वादी का पैन कार्ड, सुरेश से ₹30,010 नकद, पंजाब नेशनल बैंक की चेकबुक और एक चाकू बरामद किया है, जबकि नाबालिग से ₹30,050 नकद व वादी का आधार कार्ड बरामद किया गया.वहीं चौकी प्रभारी वीरेंद्र नेगी ने बताया कि गिरोह भीड़भाड़ वाले इलाकों में रेकी करता था और मौका देखकर कारों या दुकानों से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था.