देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न भर्ती परीक्षाओं को लेकर नया अपडेट जारी किया है. इसमें पुलिस विभाग के अंतर्गत आरक्षी पद पर अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र जमा करने का दोबारा मौका दिया जा रहा है. वहीं कनिष्ठ सहायक संवर्ग पद के लिए चल रही भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है. इसके अलावा सहायक लेखाकार पद को लेकर 63 पदों पर भी भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया है.
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने राज्य में चल रही पुलिस विभाग के अंतर्गत आरक्षी पद पर भर्ती को लेकर नया अपडेट जारी किया है. इसके तहत शारीरिक नाप जोख में हिस्सा लेने वाले अभ्यर्थियों में से पूर्व में अनिवार्य अभिलेख या छूट के लिए विकल्प अंकित नहीं कर पाने वालों को एक बार फिर अभिलेख प्रस्तुत करने का मौका दिया जा रहा है. ऐसे अभ्यर्थी वैध प्रमाण पत्र भर्ती परीक्षा केंद्र आईआरबी द्वितीय झाझरा में 4 अप्रैल को उपस्थित होकर प्रस्तुत कर सकते हैं. अभ्यर्थियों को अपने प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने का यह आखरी मौका दिया जा रहा है.
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने कनिष्ठ सहायक संवर्ग और विभिन्न दूसरे पदों पर हुई परीक्षा के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची भी जारी की है. इस सूची में कनिष्ठ सहायक संवर्ग के कुल पदों के चार गुना अभ्यर्थियों के नाम रखे गए हैं. आयोग द्वारा इन पदों के लिए अभी टंकण परीक्षा की जानी है, जिसके लिए जल्द ही तारीख घोषित की जाएगी.
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सहायक लेखाकार के 63 पदों के लिए भी भर्ती प्रक्रिया शुरू की है. फिलहाल इन पदों के लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है. इन पदों के लिए अभ्यर्थी 5 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके तहत शहरी विकास विभाग में सहायक लेखाकार के 35 पद, कारागार प्रशासन में छह पद, भूततत्व खनिकर्म निदेशालय में एक पद, सहकारिता में आठ पद, नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग में तीन पद, सूचना आयोग में रिकॉर्ड कीपर का एक पद, प्राविधिक शिक्षा परिषद में कैशियर, डाटा एंट्री ऑपरेटर के एक-एक पद, आयुर्वेदिक विभाग में एक पद और पिटकुल में दो पद के लिए भर्ती की जानी है.
सहायक लेखाकार पद के लिए 5 अप्रैल से 29 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए लिखित परीक्षा 6 जुलाई को प्रस्तावित की गई है. उधर दूसरी तरफ आयोग परीक्षा की विज्ञप्ति जारी करने के बाद लिखित परीक्षा से लेकर अभ्यर्थियों के आवेदन को लेकर विभिन्न तैयारी में जुट गया है.