होली पर युवाओं में बढ़ा नए स्टाइलिश कपड़ों का क्रेज, देहरादून में सजा बाजार, जानें कितने में मिल रही टी शर्ट? – HOLI 2025

देहरादून: 14 मार्च को देशभर में होली का त्यौहार मनाया जाएगा. होली की खरीदारी भी जोर-शोर से चल रही है. रंगों से लेकर मिठाई तक का बाजार सज चुका है. वैसे तो होली में सब कुछ पहले जैसे ही, मस्ती, मजाक और रंग होता है. लेकिन एक चीज जो होली में वक्त के साथ बदली है, वो है पुरानी कपड़ों की जगह नए कपड़ों का चलन.

पहले जहां होली पर लोग पुराने कपड़े पहनते थे तो वहीं अब होली पर नए कपड़े पहने जाने लगे हैं. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में होली के कपड़ों का नया कलेक्शन आ चुका है. दून के बाजारों में हैप्पी होली, बुरा न मानो होली है, लिखी हुई टी-शर्ट और कुर्ती मिल जाएंगी

कुछ ग्रामीण इलाकों में तो अभी भी लोग पुराने कपड़े पहनते हैं, लेकिन शहरों में तो अधिकांश लोग होली के दिन नए रंग-बिरंगे कपड़े पहने हुए नजर आएंगे. इसका एक बड़ा कारण सोशल मीडिया की चमक दमक भी है. हर कोई सोशल मीडिया पर अपने आप को अलग दिखाना चाहता है.

अच्छी बात ये है कि होली की खरीदारी करने के लिए लोगों को अपनी जेब भी ज्यादा ढीली नहीं करनी पड़ रही है. कारोबारी भी चलन से हिसाब से होली के कपड़े ला रहे हैं, जिन्हें लोग काफी पसंद कर रहे हैं. होली पर पहनने वाली टी-शर्ट 100 रुपए से शुरू हो जाती है.

देहरादून में सजा बाजार

दुकानदार भी मानते हैं कि आज से चार-पांच साल पहले तो होली पर नए कपड़े खरीदने का चलन काफी कम था. वक्त के साथ ये बढ़ता जा रहा है. लोगों में होली पर नए कपड़े खरीदने का क्रेज सा बढ़ गया है. होली की खरीदारी करने आए कुछ युवाओं से भी ईटीवी भारत ने बात की.

holi-2025

युवाओं का कहना है कि होली पर वो कुछ अलग तरीके के कपड़े पहनते हैं, जिससे उनकी होली पर डिफरेंट थीम बन जाती है और कुछ नया लुक भी आता है. साथ ही रंगों के साथ उनके कपड़े भी इस फेस्टिवल को कलरफुल बनाते हैं. होली की शॉपिंग करने आई कुछ महिलाओं ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के लिए रील्स भी बनानी होती है. इसीलिए भी वो होली पर नए कपड़े खरीदती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *