देहरादून: उत्तराखंड में युवाओं को न्यायालय से लेकर विभिन्न विभागों और वर्दीधारी सेवाओं तक में जुड़ने का मौका मिलने जा रहा है. आयोग ने आगामी भर्तियों पर नई तिथियां जारी की है. जिसमें न्यायालय के साथ अलग-अलग विभागों में भर्तियों का शेड्यूल सार्वजनिक किया है. खास बात ये है कि युवाओं के पास अपनी पसंद के हिसाब से विभागों में जाने के कई विकल्प मौजूद होंगे. यहां युवा स्नातक स्तरीय अहर्ता वाले पदों या न्यायालय में स्टेनोग्राफर जैसे पदों पर आवेदन कर सकते हैं. जबकि, वर्दीधारी सेवाओं में दिलचस्पी रखने वाले युवाओं के लिए भी सैकड़ो पदों पर भर्ती निकाली जा रही है.
दरअसल, सरकारी सेवा में जाने के लिए युवाओं को बड़ा मौका मिलने जा रहा है. इसके लिए आयोग ने आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की तारीखें जारी कर युवाओं को अलर्ट कर दिया है. ताकि, युवा समय रहते आगामी परीक्षाओं के लिए अपनी तैयारी को पूरा कर लें. उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने एक तरफ उच्च न्यायालय के अधीनस्थ न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक के पद पर आगामी लिखित परीक्षा की तारीख तय की है, तो वहीं स्नातक स्तरीय अहर्ता के पद के लिए भी जारी होने वाली विज्ञप्ति की तारीख भी सार्वजनिक की है.
वर्दीधारी सेवाओं पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी: उच्च न्यायालय के अधीनस्थ न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक के पद पर 20 दिसंबर को लिखित परीक्षा आहूत होना तय किया गया है. इसी तरह विभिन्न विभागों में स्नातक स्तरीय अहर्ता वाले पदों के लिए 30 नवंबर को विज्ञप्ति प्रकाशित की जाएगी. उधर, वर्दीधारी सेवाओं पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है. इसमें समूह ग के वर्दीधारी सिपाही के पदों पर भर्ती की जानी है. इसके लिए आयोग की वेबसाइट पर जाकर अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
पुलिस विभाग, पीएससी/आईआरबी, फायरमैन, वन आरक्षी, स्पेशल टाइगर गॉड्स, बंदी रक्षक, सचिवालय रक्षक, आबकारी सिपाही और परिवहन आरक्षी के पदों पर यह भर्ती की जानी है. इसमें सिविल पुलिस के लिए पुलिस कांस्टेबल पद पर पुरुष वर्ग के लिए 464 जबकि, महिला पुलिस कर्मी के लिए 238 पदों पर भर्ती होगी. इसी तरह पीएसी/आईआरबी में पुरुषों के लिए 284 पदों पर भर्ती की जानी है.
इन विभागों में होगी भर्तियां: फायरमैन के 201 पदों और वन आरक्षी के 171 पदों पर भर्ती होनी है. इसी तरह स्पेशल टाइगर गॉड्स के लिए 75 पदों पर भर्ती की जानी है. उधर, बंदी रक्षक पुरुष वर्ग के लिए 117 पदों पर भर्ती होनी है. जबकि, महिला बंदी रक्षक के 27 पदों पर भर्ती की जानी है. वर्दीधारी सिपाही में सचिवालय रक्षक के 54 पदों पर भर्ती की जाएगी. वहीं, आबकारी सिपाही के 45 पदों पर भर्ती होगी. इसके अलावा परिवहन आरक्षी के 18 पदों पर भर्ती होने जा रही है.
कुल मिलाकर 1,694 पदों के लिए वर्दीधारी विभागों में भर्ती की जाएगी. इसके लिए दो चरणों में भर्ती होगी पहले चरण में शारीरिक मापदंड की परीक्षा की जाएगी. जिसमें उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा देनी होगी. वर्दीधारी सेवा में जाने की इच्छा रखने वाले युवाओं को 25 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन करने का मौका मिलेगा. युवा 25 दिसंबर तक इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं. आयोग ने इसके लिए 4 अप्रैल 2027 को लिखित परीक्षा की अनंतिम तारीख तय की है.