टिहरी में बीजेपी की सियासी बढ़त, सीता पंवार के साथ सभी 9 ब्लॉक प्रमुख भाजपा में हुए शामिल – News of Uttarakhand

टिहरी में बीजेपी की सियासी बढ़त, सीता पंवार के साथ सभी 9 ब्लॉक प्रमुख भाजपा में हुए शामिल

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बीजेपी ने टिहरी जिले में अपनी सियासी ताकत बढ़ाई है. जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार के बीजेपी में शामिल होने के साथ ही जिले के सभी 9 ब्लॉक प्रमुख अब बीजेपी के पाले में आ गए हैं. इसके अलावा 7 क्षेत्र पंचायत सदस्य और करीब एक दर्जन ग्राम प्रधानों ने भी बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की.

जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार समेत कई लोग बीजेपी में शामिल: देहरादून स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, कनिष्ठ प्रमुख मंजू पंवार, जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ पार्टी में शामिल हुए जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों का स्वागत किया. बीजेपी इस राजनीतिक घटनाक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले टिहरी में अपनी मजबूत होती स्थिति के तौर पर देख रही है.

“प्रदेश में विकास की गति और सरकार के कामकाज को देखते हुए जनप्रतिनिधियों पर तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनाने के लिए जनता का दबाव है. यही वजह है कि अलग-अलग क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि बीजेपी से जुड़ रहे हैं.”- महेंद्र भट्ट, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंड

बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में हुए इस कार्यक्रम में धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार की भूमिका अहम रही. उनके प्रयासों से जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने पार्टी की सदस्यता ली. महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि बीजेपी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह काम करने वाली पार्टी है.

टिहरी में बीजेपी ने मजबूत की अपनी राजनीतिक पकड़ (फोटो- ETV Bharat)
उन्होंने कहा कि बीजेपी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और क्षमता के दम पर संगठन के शीर्ष पद तक पहुंच सकता है. पोस्टर लगाने और पंपलेट बांटने वाला कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है. इसी पार्टी में एक गरीब परिवार से आने वाला व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बन सकता है.

“बीजेपी में हर कार्यकर्ता के लिए आगे बढ़ने के अवसर मौजूद हैं. प्रदेश की 13 जिला पंचायतों में से 12 के अध्यक्ष बीजेपी के हैं. अब टिहरी जिले के सभी 9 ब्लॉक प्रमुखों के बीजेपी में होने से पार्टी की स्थानीय स्तर पर स्थिति और मजबूत हुई है.”- महेंद्र भट्ट, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंड

“बीजेपी में जनप्रतिनिधियों के शामिल होने के पीछे सबसे बड़ा कारण विकास के काम हैं. पहले के दौर में विकास केवल नारों और घोषणाओं तक सीमित रहता था, लेकिन अब जनता को धरातल पर काम दिखाई दे रहा है.”- महेंद्र भट्ट, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंड

बीते सालों में उत्तराखंड में सड़क, बिजली और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं. राज्य के अधिकांश गांव सड़क सुविधा से जुड़ चुके हैं और जो छोटे गांव अभी भी सड़क से वंचित हैं, उन्हें भी आने वाले समय में सड़क से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.

उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ऑल वेदर रोड और राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्से एक-दूसरे के साथ-साथ दूसरे राज्यों से भी जुड़ रहे हैं. इसके अलावा बिजली व्यवस्था में आए बदलाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि,

“एक समय ऐसा था, जब लोगों को बिजली का इंतजार करना पड़ता था. जबकि, आज बिजली आपूर्ति की स्थिति में काफी सुधार हुआ है. जब जनता विकास को अपनी आंखों से देखती है, तो जनप्रतिनिधियों का भी भरोसा उस राजनीतिक दल के प्रति बढ़ता है, जो विकास को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है.”- महेंद्र भट्ट, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंड

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस को लिया आड़े हाथ: इस दौरान महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान और पार्टी के भीतर चल रहे राजनीतिक मतभेदों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस में आंतरिक संघर्ष लगातार दिखाई दे रहा है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि,

“कांग्रेस में सत्ता हासिल करने को लेकर नेताओं के बीच खींचतान चलती रहती है. ऐसे में जनता को यह भरोसा नहीं हो पा रहा है कि कांग्रेस सत्ता में आने के बाद विकास और जनकल्याण के काम कर पाएगी.”- महेंद्र भट्ट, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंड

महेंद्र भट्ट ने कहा कि बीजेपी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाना और विकास की गति को बनाए रखना है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करें और सरकार की योजनाओं तथा पार्टी की विचारधारा को जनता के बीच रखें.

तीसरी बार बीजेपी सरकार बनाने की तैयारी: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर महेंद्र भट्ट ने 65 पार के लक्ष्य को भी दोहराया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बीजेपी तीसरी बार सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है. इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होगी.

उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई गांवों में ऐसे लोग हो सकते हैं, जिन्हें विपक्षी दल गुमराह करने का प्रयास कर रहे हों. ऐसे लोगों तक बीजेपी कार्यकर्ताओं को पहुंचना होगा और उन्हें पार्टी की नीतियों व सरकार के विकास कार्यों की जानकारी देनी होगी. 2027 के विधानसभा चुनाव में 65 से ज्यादा सीटें हासिल करने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए संगठन के प्रत्येक स्तर पर मेहनत करनी होगी.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *