देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है. पार्टी अब केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही संगठन के मौजूदा कार्यक्रमों को भी चुनावी नजरिए से अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दे रही है.
देहरादून के बीजापुर गेस्ट हाउस में शुक्रवार को बीजेपी प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव के नेतृत्व में हुई महत्वपूर्ण बैठक में आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों, सरकार के कामकाज के प्रचार और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में तय किया गया कि पार्टी विकास और जनकल्याण के मुद्दों को केंद्र में रखकर जनता के बीच जाएगी और सरकार के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड पेश करेगी.
बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के मुताबिक, बैठक में पार्टी के वर्तमान में संचालित संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की गई. साथ ही इन कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने और आगामी गतिविधियों को चुनावी दृष्टि से बेहतर तरीके से संचालित करने पर विचार किया गया.
पार्टी नेतृत्व का जोर इस बात पर रहा कि संगठन की गतिविधियां केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि उनके जरिए जनता के साथ सीधा संवाद भी स्थापित किया जाए. इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी फैसलों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई.
Uttarakhand BJP Election Preparing
उत्तराखंड में चुनाव की तैयारी में जुटी बीजेपी (फोटो सोर्स- BJP Uttarakhand)
घर-घर सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने पर जोर: बैठक में तय किया गया कि बीजेपी डबल इंजन सरकार के कामकाज और उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी. पार्टी की योजना है कि सरकार के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड घर-घर पहुंचाया जाए और विभिन्न योजनाओं से लोगों को मिले लाभ की जानकारी दी जाए. इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार के कामकाज पर संवाद करेंगे और आगामी चुनाव में समर्थन मांगेंगे.
बीजेपी नेतृत्व का मानना है कि विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर जनता के बीच अपनी बात रखने से चुनावी अभियान को मजबूती मिलेगी. इसी आधार पर संगठन को सक्रिय करने और सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने को प्राथमिकता देने की बात कही गई.
कांग्रेस के आरोपों और नैरेटिव का जवाब देने की तैयारी: बैठक में विपक्ष, खासकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों का जवाब देने की रणनीति पर भी चर्चा हुई. बीजेपी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार सरकार और संगठन को लेकर भ्रामक नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रही है. पार्टी नेतृत्व ने तय किया कि विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों और सरकार के कामकाज के आधार पर दिया जाएगा.
बीजेपी का कहना है कि वह अपनी सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी और कांग्रेस के आरोपों की सच्चाई भी उजागर करेगी. बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि चुनावी अभियान के दौरान पार्टी अपने विकास कार्यों को प्रमुखता से प्रस्तुत करने के साथ विपक्ष के दावों पर भी सवाल उठाएगी.
तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ेगी पार्टी: बीजेपी ने बैठक में विकास और जनकल्याण को अपनी चुनावी रणनीति का प्रमुख आधार बनाने पर सहमति जताई. पार्टी का लक्ष्य उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है. इसके लिए संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने, सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की रणनीति पर काम किया जाएगा.
बीजेपी पार्टी नेतृत्व ने संकेत दिया कि आगामी कार्यक्रमों में सरकार की उपलब्धियों के प्रचार के साथ जनता से सीधा संपर्क बढ़ाने पर विशेष ध्यान रहेगा. बीजेपी का कहना है कि वो सकारात्मक राजनीति के आधार पर जनता का विश्वास हासिल करने और उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के संकल्प के साथ चुनाव में उतरेगी.