देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद गहराता जा रहा है. रेखा आर्य की ओर से गंभीर आरोप लगाए जाने और ऑडियो रिकॉर्डिंग को लेकर अब गिरधारी लाल साहू ने अपना पक्ष रखा है. साथ ही उन्होंने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य पर पलटवार भी किया है.
गिरधारी लाल साहू ने कहा संबंधित ऑडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार किया गया है. उन्होंने खुद पर लग रहे आरोपों को निराधार बताया. उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पूरे मामले की जांच कराने की अपील की है. साथ ही रेखा आर्य पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी संपत्ति की जांच की मांग भी की है.
गिरधारी लाल साहू ने अपने बयान में कहा कि जिस ऑडियो को सामने लाया गया है वह कथित तौर पर AI की मदद से तैयार किया गया है. इसके जरिए उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने रेखा आर्य से अपने आरोप वापस लेने और अपने बयान पर पुनर्विचार करने की अपील की है. साहू ने कहा उनके खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं. उन्हें इस मामले में अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए.गिरधारी लाल साहू ने रेखा आर्य के राजनीतिक सफर और उनके साथ अपने पुराने संबंधों का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने रेखा आर्य को राजनीतिक रूप से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. चुनाव के दौरान उनके लिए लोगों से समर्थन मांगा. साहू ने कहा उन्होंने वर्षों तक उनके राजनीतिक जीवन में सहयोग किया. अब उन्हीं की ओर से उन पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने अपने बयान में रेखा आर्य के शुरुआती जीवन और राजनीतिक सफर को लेकर भी का तरह ई बात कहीं.
लगाये भ्रष्टाचार के आरोप, जांच की मांग: गिरधारी लाल साहू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी अपील की है. उन्होंने कहा इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पहले भी रेखा आर्य से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों की शिकायत मुख्यमंत्री से की थी. साहू के अनुसार उन्होंने संबंधित मामलों में कार्रवाई की मांग की थी. मुख्यमंत्री से इस विषय पर हस्तक्षेप करने का आग्रह किया था. उन्होंने कहा किसी भी जांच एजेंसी से जांच कराई जा सकती है ताकि आरोपों की वास्तविकता सामने आ सके.