हरिद्वार: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस ने देशभर में हल्ला बोल रखा है. दिल्ली में राहुल गांधी भी कांग्रेस के तमाम नेताओं के साथ ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे है. इस मामले में अब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बयान आया. उन्होंने दिल्ली में हो रहे कांग्रेस को विरोध-प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पैरों तले जमीन खिसक गई है, इसलिए वो केवल विरोध के लिए विरोध कर रही है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ये बयान हरिद्वार में दिया. हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज आठ अक्टूबर को एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे, तभी उनसे पत्रकारों ने दिल्ली राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे विरोध-प्रदर्शन पर सवाल किया. राहुल गांधी के सवाल पर सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चुनी हुई अनगिनत सरकारों को लगातार गिराने का काम किया है, समय समय पर चुनाव आयुक्तों को बदलने और देश पर आपातकाल थोपने का कार्य किया है? इसलिए उनको अपना समय याद करना चाहिए.
कांग्रेस के पैरों तले जमीन खिसक गई: सीएम धामी का कहना है कि आज जब कांग्रेस के पैरों तले जमीन खिसक गई है तो जबरन चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण), ईवीएम मशीन, प्रशासनिक मशीन और न्यायालयों समेत अन्य कई एजेंसियों को कटघरे खड़ा करने का काम कर रही है, जिस प्रकार का अराजकता का माहौल कांग्रेस बना रही है, उससे देश की जनता भली भांति परिचित है और जनता पीएम मोदी के साथ है
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 सालों में सेवा और संकल्प का अभियान लेकर पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है. वहीं दिल्ली में राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन के सवाल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार सबको है, लेकिन केवल बातें करने से कुछ होने वाला नहीं है. इसके लिए प्रमाण और परिणाम की आवश्यकता होती है. कांग्रेस का काम तो केवल विरोध के लिए विरोध ही करना है.
इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो का उद्घाटन किया: हरिद्वार में सीएम धामी ने इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो का उद्घाटन भी किया. सीएम धामी ने समिट में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया. इसके पश्चात, मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार पंचायती राज विभाग द्वारा आयोजित पंचायत प्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम में शिरकत की. कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका, ग्रामीण विकास और विपक्ष की राजनीति पर अपने विचार रखे.