रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में मूसलाधार बारिश के बाद सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई. रामनगर-पीरूमदारा नेशनल हाईवे-309 पर बसई क्षेत्र में बारिश के बीच अचानक तीन भारी-भरकम पेड़ सड़क पर आ गिरे. पेड़ों के सड़क पर गिरने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा, गनीमत रही कि इस दौरान पेड़ों की चपेट में कोई वाहन या व्यक्ति नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, सड़क पर गिरे पेड़ों के कारण दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित थी. रेस्क्यू टीम ने जेसीबी और कटर मशीन की मदद से पेड़ों को काटकर सड़क से हटाने का काम शुरू किया. भारी-भरकम पेड़ों को हटाने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी, इस दौरान पुलिसकर्मियों ने मौके पर यातायात व्यवस्था संभालते हुए वाहनों को नियंत्रित किया.काफी प्रयास के बाद पेड़ों को छोटे-छोटे हिस्सों में काटकर सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारू हो सका. करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहने के कारण रामनगर और पीरूमदारा की ओर जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. बारिश के कारण सड़क पर पहले से ही फिसलन और कम दृश्यता की स्थिति बनी हुई थी, ऐसे में पेड़ गिरने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में पेड़ गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. ऐसे में सड़क किनारे झुके कमजोर और सूखे पेड़ों की समय-समय पर जांच और छंटाई की जरूरत है, ताकि बारिश और तेज हवाओं के दौरान किसी बड़े हादसे को रोका जा सके.
वहीं देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक राज्य के सभी जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही कई जिलों के लिए तेज हवाओं और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है. वहीं प्रदेश के 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय स्थानों पर बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जताया गया है. वहीं मौसम विभाग ने निचले और मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अंदेशा जताया है.