रामनगर/लालकुआं: उत्तराखंड में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले रुक नहीं रहे. रामनगर के छोई स्थित रिजॉर्ट में 10 वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी ट्रेनी कर्मचारी को हिरासत में ले लिया है. उधर नैनीताल जिले के ही लालकुआं में ब्लैकमेलिंग से जुड़े महिला के आत्महत्या मामले का पुलिस ने खुलासा किया है.
पीड़ित परिवार ने पुलिस से की शिकायत: जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश निवासी एक परिवार 26 सितंबर 2026 को अपने परिवार के साथ रामनगर के छोई स्थित एक रिजॉर्ट में ठहरे थे. आरोप है कि इसी दौरान रिजॉर्ट में काम करने वाले बिहार निवासी ट्रेनी कर्मचारी ने उनकी 10 वर्षीय बेटी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की. घटना की जानकारी सामने आने के बाद बच्ची के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की.
आरोपी ट्रेनी कर्मचारी हिरासत में: शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी कर्मचारी को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ शुरू की. पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध तथ्यों और शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद रिजॉर्ट में आने वाले पर्यटकों और उनके परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. खासकर बच्चों की सुरक्षा के लिए होटल और रिजॉर्ट प्रबंधन की जिम्मेदारी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.
पुलिस कर रही है मामले की जांच: फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. बच्ची की पहचान और उससे जुड़ी अन्य संवेदनशील जानकारियों को गोपनीय रखा गया है. मामले में पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. मामले में कोतवाल सुशील कुमार ने कहा कि-
लालकुआं महिला ब्लैकमेल और आत्महत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार: लालकुआं में ब्लैकमेलिंग से जुड़े विवाहिता आत्महत्या मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, महिला को आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किया जा रहा था. मामले में मुख्य आरोपी आशिक अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने ब्लैकमेलिंग में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है. वहीं, महिला के पति को धमकी देने के आरोप में नामजद दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
आशिक अली पर महिला को जाल में फंसाकर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने का आरोप: पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त 2026 को लालकुआं निवासी एक महिला ने आत्महत्या कर ली थी. मामले में महिला के पिता ने थाना लालकुआं में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए थे. तहरीर के अनुसार, महिला का अपने पति के हेल्पर आशिक अली से मोबाइल के जरिए संपर्क था और उसका घर पर भी आना-जाना था. आरोप है कि आशिक अली ने महिला को अपने जाल में फंसाकर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किया. इसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान थी और आखिरकार उसने आत्महत्या कर ली.
दो फरार आरोपियों की तलाश जारी: मामले में महिला के पति को कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया गया. तहरीर के आधार पर लालकुआं थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी आशिक अली को 26 सितंबर को गिरफ्तार किया. उसके पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने और भेजने में किया गया था. वहीं, साहिब अली और देवेश गंगवार की भूमिका और धमकी से जुड़े आरोपों की जांच जारी है. दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.