तराई विकास सहकारी संघ के अध्यक्ष पद पर बीजेपी का कब्जा, निर्विरोध चुने गए गोपाल बोरा

खटीमा: तराई विकास सहकारी संघ कुमाऊं उधम सिंह नगर के अध्यक्ष पद पर फिर से बीजेपी का कब्जा हो गया है. खटीमा के वरिष्ठ बीजेपी नेता गोपाल बोरा लगातार दूसरी बार तराई विकास संघ (टीवीएस) उधम सिंह नगर के निर्विरोध अध्यक्ष बने हैं. उनके खटीमा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया.

बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण के साथ खुशी का इजहार किया. इस दौरान गोपाल बोरा ने शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की. जबकि, पार्टी नेताओं ने इसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र में मिली बड़ी उपलब्धि बताया.टीवीएस के अध्यक्ष पद पर गोपाल बोरा की ताजपोशी: दरअसल, तराई विकास सहकारी संघ कुमाऊं उधम सिंह नगर के निर्विरोध अध्यक्ष बनने गोपाल बोरा पर बीजेपी के नगर एवं ग्रामीण मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया. साथ ही दूसरी बार टीवीएस के अध्यक्ष पद पर ताजपोशी की शुभकामनाएं दी.

ढोल नगाड़ों के साथ निकाला जुलूस: बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मुख्य चौक से ढोल नगाड़ों के साथ खटीमा शहीद स्मारक तक जुलूस निकाला. टीवीएस अध्यक्ष बोरा ने राज्य आंदोलन शहीदों का माल्यार्पण कर दोबारा निर्विरोध निर्वाचित होने पर राज्य आंदोलन शहीदों का स्मरण किया.

क्या बोले राज्य सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष? इस अवसर पर वरिष्ठ बीजेपी नेता एवं राज्य सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष दान सिंह रावत ने कहा कि पूरे प्रदेश में सीएम धामी के नेतृत्व में पंचायत से लेकर सहकारिता के क्षेत्र में डंका बज रहा है. तराई के विकास को लेकर बनी तराई विकास सहकारी संघ के अध्यक्ष पद पर गोपाल बोरा दोबारा निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं.

निर्विरोध निर्वाचित टीवीएस के अध्यक्ष गोपाल बोरा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का आभार जताया. उन्होंने कहा कि उनके जैसे सामान्य कार्यकर्ता को आज यह सम्मान प्राप्त हुआ है. उन्होंने तराई विकास सहकारी संघ के विकास की बात कही. इसके साथ ही उन्होंने सहकारिता के चाणक्य माने जाने वाले दान सिंह रावत एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या का उनके निर्विरोध निर्वाचन सहयोग के लिए आभार जताया.

जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने बताया सीएम धामी के नेतृत्व का असर: वहीं, स्वागत समारोह कार्यक्रम में पहुंचे उधम सिंह नगर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने सहकारिता के क्षेत्र में बीजेपी की विराट जीत पर सीएम धामी के नेतृत्व का असर बताया. साथ ही गोपाल बोरा को शुभकामनाएं दी. इस मौके पर बीजेपी के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *