रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग और टिहरी जिले से भालुओं के हमले के दो अलग-अलग मामले सामने आए है. रुद्रप्रयाग में जहां भालू ने ग्रामीण पर हमला किया तो वहीं टिहरी जिले के नरेंद्रनगर ब्लॉक के चलड़ गांव में भी बकरी चरान करने वाले एक युवक को भालुओं ने हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया. जिसे स्थानीय लोगों की मदद से श्रीदेव सुमन उप जिला अस्पताल नरेंद्रनगर में भर्ती कराया है.
केदारघाटी के ग्राम न्यालसू में बुधवार देर शाम भालू के हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया. बुधवार को करीब साढ़े तीन बजे सांय न्यालसू रामपुर के साढा तोक में मंगल सिंह (उम्र 55 वर्ष) पुत्र बच्चन सिंह गौशाला के समीप खेतों में गए हुए थे, जिन पर एकाएक भालू ने हमला कर दिया. हमले में सिर व जबड़े पर गंभीर चोटें आई हैं.
वहीं शोर सुन आसपास के ग्रामीण पहुंचे, जिन्हें देख भालू भाग गया. ग्रामीणों द्वारा गंभीर घायल को त्वरित प्राथमिक उपचार के लिए फाटा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. फाटा में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर घायल को बेस अस्पताल श्रीनगर के लिए रेफर किया. घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश बना हुआ है.
स्थानीय लोगों ने वन विभाग एवं प्रदेश सरकार पर बढ़ते भालू के आतंक को लेकर उचित कार्रवाई न करने की बात कही. इस दौरान पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य खुशहाल सिंह रावत ने कहा कि केदारघाटी में भालूओं का आतंक चरम पर है. पहले भालू मवेशियों पर हमला कर रहे थे, लेकिन बीते दिन तरसाली के बाद न्यालसू में बुजुर्ग पर भालू ने हमला किया है. उन्होंने वन विभाग से भालूओं को पिंजरा लगाकर पकड़ने की मांग की है.